श्रीमद् भागवत कथा का हुआ भव्य शुभारंभ
निष्पक्ष जन अवलोकन।
बाराबंकी। जनपद के जैदपुर नगर पंचायत मुख्यालय स्थित भूईहारे बाबा मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ बड़े ही भव्य एवं श्रद्धामय वातावरण में किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन जैदपुर नगर निवासी राकेश मिश्रा व उनके परिवार द्वारा कराया जा रहा है।
कथा के प्रथम दिन व्यास पीठ पर विराजमान पंडित उमाशंकर पाठक ‘निराला’ ने विधि-विधान के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण मानव जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है और आत्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त करता है।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां भक्तजन भक्ति भाव से कथा का रसपान करते नजर आए। पूरे वातावरण में भजन-कीर्तन और जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।
आयोजक परिवार ने बताया कि यह कथा लगातार सात दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए कथा एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई है। कथा के समापन पर भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। मुख्य अनुष्ठान से पहले महिलाओं ने नगर में कलश जुलूस भी निकाला।
इस अवसर पर उपस्थित रहने वालों में प्रमुख रूप से संजय मिश्रा, दुर्गेश मिश्रा दीपू, विवेक वर्मा, मोनू गुप्ता, अर्पित मिश्रा, संकेत मिश्रा एवं नगर व आसपास क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।









