शौच के लिए गई विवाहिता से छेड़छाड़, विरोध पर मारपीट; दो आरोपी गिरफ्तार
निष्पक्ष जन अवलोकन | विजय राम जायसवाल
फतेहपुर (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र में शौच के लिए गई एक विवाहिता से दो युवकों द्वारा छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के कपड़े फाड़ दिए और जान-माल की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता के परिजनों द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह बजे विवाहिता गांव के बाहर शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के ही अतुल पुत्र राम तथा उमेश पुत्र रामचंदर ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। महिला द्वारा विरोध करने और खुद को बचाने का प्रयास करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा उसके कपड़े फाड़ दिए। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि मारपीट के दौरान महिला के शरीर पर नाखूनों से खरोंचें आईं।
पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी जान-माल की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है, हालांकि पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।