व्यापारियों व प्रशासन के बीच सुरक्षा, यातायात और सौहार्द पर हुई महत्वपूर्ण बैठक

व्यापारियों व प्रशासन के बीच सुरक्षा, यातायात और सौहार्द पर हुई महत्वपूर्ण बैठक

निष्पक्ष जन अवलोकन | रत्नाकर पाण्डेय। बाराबंकी | मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चन्द्र त्रिपाठी ने की, जबकि नगर पालिका परिषद नवाबगंज के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसमें जिले के विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी एवं समाजसेवी शामिल हुए। बैठक में शहर और जनपद में बढ़ती जाम की समस्या, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन ने मसौली में व्यापारी के यहां हुई चोरी का शीघ्र खुलासा करने की मांग उठाई। उन्होंने सतरिख नाके पर जाम की समस्या के समाधान, कृष्णा नगर कट को वाहनों के लिए खोलने तथा पल्हरी चौराहे पर नाले के किनारे सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी रखी। व्यापारी नेताओं ने कहा कि अनियंत्रित ई-रिक्शा संचालन के कारण शहर में लगातार जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आमजन और व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट एवं स्थायी स्टैंड की व्यवस्था करने की मांग की। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री पं. राजेश शर्मा ‘फक्कड़’ ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने पर जोर दिया। उनका कहना था कि इससे अपराधियों की पहचान कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। एएसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी ने सभी समस्याओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा मुहर्रम के दौरान आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं ईओ संजय कुमार शुक्ला ने अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने में व्यापारियों से सहयोग की अपेक्षा जताई। बैठक में अनेक व्यापारी नेता, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे।