राजकीय पॉलिटेक्निक मानिकपुर चित्रकूट में पूल कैंपस प्लेसमेंट, 253 छात्र-छात्राओं का चयन
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।मानिकपुर राजकीय पॉलिटेक्निक मानिकपुर में दिनांक 3 फरवरी 2026 को पूल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर नीमराना, राजस्थान स्थित जापानी बेस्ड एमएनसी कंपनी Astemo India Pvt. Ltd. (पूर्व में Hitachi Astemo) द्वारा छात्र-छात्राओं का साक्षात्कार लिया गया। इस पूल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 1180 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से साक्षात्कार प्रक्रिया के उपरांत 253 छात्र-छात्राओं का अंतिम रूप से चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थी मैकेनिकल इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, प्रोडक्शन इंजीनियरिंग, मेकाट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग शाखाओं से संबंधित हैं। इस पूल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों से छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इसमें प्रमुख रूप से चित्रकूट, बांदा, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, महोबा, हमीरपुर,बस्ती एवं मिर्जापुर जनपदों के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। पूल कैंपस के सफल आयोजन में संस्थान के प्रधानाचार्य अशोक कुमार पुराणिक, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी (TPO) कृष्ण कुमार, सहायक TPO प्रीति पाण्डेय के नेतृत्व में जीतन प्रसाद, वीरेंद्र सिंह, सोनवीर सिंह, अनुराग तिवारी, शालिनी सिंह, जपेश, सपना यादव, शगुफ्ता परवीन प्राची सिंह, हर्षिता तिवारी सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने चयन प्रक्रिया को सुचारु एवं सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कंपनी की ओर से चयन प्रक्रिया में रमन कुमार वशिष्ठ (सेक्शन हेड – HR/IR), सतबीर सिंह (HOD – प्रोडक्शन) एवं राजीव शर्मा (HOD – प्रोडक्शन) उपस्थित रहे। Astemo India Pvt. Ltd. ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स क्षेत्र की एक अग्रणी कंपनी है, जो फ्यूल इंजेक्टर, फ्यूल फीडिंग पंप, CNG इंजेक्टर, ABS सिस्टम, ब्रेक एवं सस्पेंशन जैसे उच्च गुणवत्ता वाले ऑटोमोटिव पार्ट्स का निर्माण करती है तथा मारुति, होंडा, टोयोटा सहित अन्य प्रमुख वाहन निर्माताओं को अपने उत्पाद उपलब्ध कराती है। कंपनी द्वारा चयनित छात्र-छात्राओं को लगभग ₹2.64 लाख प्रतिवर्ष का वेतन पैकेज प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही परिवहन सुविधा, लंच एवं चाय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों को ₹10 लाख का टर्म इंश्योरेंस, ₹6 लाख का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस एवं ₹2 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस भी प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अशोक कुमार पुराणिक ने छात्र-छात्राओं के भविष्य के लिए उज्जवल शुभ कामनाएँ दी। चयनित छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन और तकनीकी ज्ञान से संस्थान का नाम रोशन किया है।