मरकामऊ गांव की मुख्य सडक पर बह रही नाली से निजात दिलाये जाने को लेकर लोगों ने प्रदर्शन किया
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। क्षेत्र के मरकामऊ में मुख्य सड़क पर घरों का गंदा पानी बहने से नाराज ग्रामीणों और दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने रामनगर से बदोसराय मुख्य मार्ग पर तख्त रखकर सड़क जाम करने का प्रयास किया, जिससे करीब 10 मिनट तक आवागमन बाधित रहा।विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बदोसराय पुलिस घटना स्थल पहुची। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही सड़क खाली कर दी और बाद में अपनी समस्याएं बताईं।उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज के निर्देश पर नायब तहसीलदार दिनेश कुमार पाण्डेय और कोतवाली बदोसराय के कोतवाल अजित विद्यार्थी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि तीन घरों का गंदा पानी सड़क पर लगातार बह रहा है, जिससे पूरी सड़क पर कीचड़ और गंदगी जमा रहती है। इससे ग्राहकों और राहगीरों को आवाजाही में काफी परेशानी होती है।मोहम्मद इलियास और मोहम्मद आलम लाइन ने बताया कि यह समस्या कई महीनों से बनी हुई है। जिन घरों का पानी सड़क पर आता है, वे रात में मोटर चला देते हैं, जिससे शौचालय का गंदा पानी भी सड़क पर बहता है।ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ब्लाक और तहसील में शिकायतें की जा चुकी हैं। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। गुरुवार को मरकामऊ में सब्जी बाजार लगता है, जिसके कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी अधिक थी। इसी दौरान करीब चार बजे दुकानदारों और आसपास के ग्रामीणों ने सड़क पर तख्त बिछाकर विरोध प्रदर्शन किया और पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने आश्वासन दिया कि इस समस्या का जल्द ही स्थायी समाधान निकाला जाएगा।









