बेलहरा में तीन दिवसीय शिवाजी क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, फतेहपुर बनी विजेता

बेलहरा में तीन दिवसीय शिवाजी क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, फतेहपुर बनी विजेता

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल बेलहरा/नगर पंचायत बेलहरा के मोहरी वार्ड में आयोजित तीन दिवसीय शिवाजी क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार को फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया। फाइनल मैच फतेहपुर और मेजबान मोहारी की टीम के बीच खेला गया, जिसमें फतेहपुर ने एकतरफा जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मोहारी की टीम 53 रन पर ही सिमट गई। जवाब में फतेहपुर की टीम ने महज 7 ओवर 2 गेंद में लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। इस टूर्नामेंट में कुल 15 टीमों ने हिस्सा लिया था। लगातार तीन दिन चले इस आयोजन में ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता टीम को नगर पंचायत बेलहरा व्यापार मंडल अध्यक्ष व सभासद सुनील सोनी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, "इस तरह के टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच देने का काम करते हैं। यहां के युवाओं में हुनर की कमी नहीं है, बस अवसर चाहिए।" समापन समारोह में सभासद कपिल वर्मा, नितिन वर्मा, देवेंद्र मौर्य समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजकों ने टूर्नामेंट के सफल संचालन के लिए सभी टीमों और दर्शकों का आभार जताया।