बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा जनआवाज़ का असर: कर्वी–ददरी–मारकुंडी सरकारी बस सेवा शुरू, जनता की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। पाठा क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही कर्वी से ददरी होते हुए मारकुंडी तक सरकारी बस सेवा संचालित किए जाने की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा ने प्रमुखता से उठाया था तथा हाल ही में आयोजित अनिश्चितकालीन अनशन के दौरान इसे प्रशासन एवं शासन के समक्ष मजबूती से रखा गया था। लगातार जनसंघर्ष, जनदबाव और संगठन के प्रयासों के परिणामस्वरूप आज इस मार्ग पर सरकारी बस सेवा शुरू हो गई है। इससे पाठा क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों, मरीजों एवं आम नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र का संपर्क मुख्यालय से और अधिक सुलभ होगा। बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा का मानना है कि यह केवल बस सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि जनता की एकजुटता, संघर्ष और लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत है। संगठन ने कहा कि वह आगे भी पाठा क्षेत्र की पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवहन जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा। इस उपलब्धि पर बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा ने समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए उनके सहयोग, विश्वास और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया है। "संघर्ष जारी है, अधिकार मिलना बाकी है। जनता की आवाज ही हमारी ताकत है।"









