फाल्गुनी मेले में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारे, मेडिकल कैंप में निःशुल्क उपचार
निष्पक्ष जन अवलोकन।
रामनगर (बाराबंकी)। सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा के फाल्गुनी महाशिवरात्रि मेले में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों एवं धर्मभीरू जनों द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया। इन भंडारों में पूड़ी-सब्जी, छोले-चावल, बूंदी, चाय और बिस्कुट का प्रसाद वितरित किया गया।
बांदा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवस्थी पेट्रोल पंप के पास अरुण कुमार वर्मा एवं अखिलेश अवस्थी सहित अन्य सहयोगियों द्वारा संचालित भंडारे में श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, छोला-चावल और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। ब्लॉक मुख्यालय के समीप उमा कुमारी, सनी मिश्रा, निशांत, छबी मिश्रा, राशि मिश्रा और अथर्व द्वारा शिवभक्तों को पूड़ी-सब्जी, चाय व बिस्कुट का वितरण किया गया।
इसी क्रम में महादेवा स्थित लोधेश्वर फिलिंग सेंटर के सामने समाजसेवी निरंकार सिंह, सोमकर सिंह, डॉ. कुलदीप सिंह, प्रदीप सिंह, रामविजय बाजपेई और श्याम रतन द्वारा श्रद्धालुओं को छोला-चावल, चाय, बिस्कुट एवं बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। केसरीपुर के पास चंद्र मोहन श्रीवास्तव एवं उनके सुपुत्र कृष्णा श्रीवास्तव द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए छोला-चावल का भंडारा चलाया गया।
इसके अतिरिक्त महादेवा मंदिर परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए मेडिकल कैंप में डॉ. राकेश कुमार वर्मा, फार्मासिस्ट श्री विशवेश, आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार वर्मा, सुभाष चंद्र, आशीष प्रताप एवं भगवान दीन द्वारा मेले में आने वाले कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
श्रद्धालुओं ने समाजसेवियों और स्वास्थ्य विभाग की इस सेवा भावना की सराहना की। मेले में सेवा और श्रद्धा का यह संगम शिवभक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।