प्रसव ऑपरेशन में महिला के शरीर में कॉटन छोड़े जाने का आरोप, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
निष्पक्ष जन अवलोकन।
रामशंकर वर्मा।
रामनगर बाराबंकी। प्रसव ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर में कथित तौर पर कॉटन छोड़ दिए जाने का सनसनीखेज मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पीड़िता के पिता ने जिलाधिकारी से जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर दोषी डॉक्टरों, अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
नगर पंचायत रामनगर निवासी अजय कुमार पांडेय के अनुसार उनकी पुत्री शालू पांडेय को दो मार्च 2026 की रात प्रसव पीड़ा होने पर बाराबंकी के खोया मंडी स्थित न्यू सहारा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। पांच मार्च को ऑपरेशन के जरिए बच्ची का जन्म हुआ। आरोप है कि 13 मार्च को डिस्चार्ज होने के बाद से ही महिला के पेट में लगातार असहनीय दर्द, सूजन और अन्य समस्याएं बनी रहीं।
परिजनों का कहना है कि कई बार अस्पताल में शिकायत करने के बावजूद डॉक्टर सही कारण नहीं बता सके। मामला उस समय गंभीर हो गया जब 19 मई को अचानक महिला के यूरिन मार्ग से एक बड़ा टुकड़ा बाहर निकल आया। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच और अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। जांच में बच्चेदानी में सूजन मिलने की बात सामने आई।
परिवार का आरोप है कि बाहर निकला टुकड़ा कॉटन का था, जो ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर में छूट गया था। घटना के बाद परिवार में आक्रोश व्याप्त है। पीड़िता के पिता ने कहा कि मामले से जुड़े जांच दस्तावेज, मेडिकल रिपोर्ट और बाहर निकले कॉटन के फोटोग्राफ उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर जांच एजेंसियों को सौंपा जाएगा।
वहीं पीड़िता का इलाज अभी भी जारी है और परिवार न्याय की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।









