नाली निर्माण में धांधली का आरोप, शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौन

नाली निर्माण में धांधली का आरोप, शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौन

निष्पक्ष जन अवलोकन। पचपेडवा विकासखंड, जनपद बलरामपुर के ग्राम पंचायत हरिया चंद्रसी में नाली निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। नाली निर्माण में जहां मौरंग और सीमेंट का उपयोग होना चाहिए, वहां मिट्टी और घटिया पीले ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें संबंधित अधिकारियों को दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 30 अप्रैल को निष्पक्ष जन अवलोकन द्वारा इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित भी किया गया, फिर भी अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान शरीफ निशा, सचिव विनोद और संबंधित अधिकारी मोहित (वीडीओ) की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। आरोप है कि निर्माण कार्य सिर्फ कागजों में सही दिखाया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जब इस मामले को लेकर प्रधान से सवाल किया गया, तो उन्होंने बेपरवाही भरे अंदाज में कहा कि “खबर छापनी है तो छाप लो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।” इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि जिम्मेदारों को न तो कानून का डर है और न ही प्रशासनिक कार्रवाई का। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।