तूलीपुर में अम्बेडकर जयन्ती मनाई गई

तूलीपुर में अम्बेडकर जयन्ती मनाई गई

अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर । क्षेत्र के तूलीपुर गांव में गुरुवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्म जयंती सप्ताह के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा कार्यकर्ता राजकुमार गौतम के आवास पर हुआ, जिसमें भाजपा एमएलसी अंगद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। एमएलसी अंगद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के हर वर्ग को सम्मानपूर्वक जीने का अधिकार दिया। उन्होंने समाज को समता, शिक्षा और संघर्ष के मार्ग पर चलने का आह्वान किया, जिससे समाज आगे बढ़ सके। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र पर कार्य कर रही है। एमएलसी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे उज्ज्वला, पीएम आवास, कन्या सुमंगला और आयुष्मान भारत की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से संवाद भी किया। एमएलसी ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' (महिला आरक्षण) पर भी बात की। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे पंचायत से लेकर संसद तक उनकी भागीदारी बढ़ेगी। एमएलसी अंगद सिंह ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दल 'मुद्दा विहीन' हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मोदी सरकार महिलाओं को अधिकार दे रही है, तो विपक्ष को परेशानी हो रही है और उनके पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इस कार्यक्रम में मण्डल महामंत्री अमित भैया रामजी अमरेंद्र सिंह बब्लू, प्रधान दयाशंकर शुक्ला, राजकुमार गौतम, अखिलेश वर्मा, केशव राम गौतम, बच्चू लाल गौतम, रामनाथ गौतम, राज किशोर मौर्य सहित तमाम महिला पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।