टिकैतनगर में ग्रामीण चौपाल, साइबर फ्रॉड से बचाव की दी गई जानकारी
निष्पक्ष जन अवलोकन : रत्नाकर पाण्डेय बाराबंकी। क्षेत्र की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए थाना टिकैतनगर के अंतर्गत ग्राम पानापुर में ग्रामीण चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में क्षेत्राधिकारी (सीओ) जटाशंकर मिश्रा, थाना प्रभारी मनोज कुमार, एसआई रमेश पांडेय, मिशन शक्ति एवं साइबर हेल्प टीम की महिला सिपाही शुभांगी शुक्ला, पारुल पांडेय और रुचि यादव मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मोबाइल के माध्यम से हो रहे साइबर फ्रॉड के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने विशेष रूप से लोगों को आगाह किया कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी (OTP) किसी के साथ साझा न करें। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर और वूमेन पावर हेल्पलाइन से संबंधित सभी महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आपातकालीन सेवाओं के बारे में बताते हुए कहा कि किसी भी समस्या या मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा का लाभ लिया जा सकता है। ग्रामीणों को पुलिस की अन्य आपातकालीन सेवाओं के प्रति भी जागरूक किया गया। चौपाल में ग्राम प्रधान राम कुमार शुक्ल, राम कल्याण शुक्ल, गोविंद सिंह, गुड्डू शुक्ल, जसवंत सिंह, वीरेंद्र सिंह, रान्नु सिंह, अजय सिंह, वासुदेव सिंह एवं जगत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की और समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।









