गांवों के विकास का रास्ता बनी इंटरलॉकिंग सड़कें, विधायक सुरेश यादव ने किया लोकार्पण

निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। विकासखंड देवां के ग्राम बडाताल, खुशीयालीपुर, जबरी खुर्द और मित्तई में क्षेत्र पंचायत निधि से निर्मित इंटरलॉकिंग सड़कों का लोकार्पण सदर विधायक सुरेश यादव ने किया। इस दौरान बंकी ब्लॉक प्रमुख आशा यादव भी उपस्थित रहीं। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक सुरेश यादव ने कहा कि ये सड़कें केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं हैं, बल्कि गांव की प्रगति का रास्ता हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत निधि का एक-एक पैसा गांवों के विकास और उनकी सूरत बदलने में लगाया जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रीपेड और स्मार्ट मीटर की खामियों के कारण उपभोक्ताओं को बिजली कटौती, अंधेरे और गर्मी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जब उपभोक्ता पहले ही बिजली के लिए भुगतान कर देते हैं, तो फिर उन्हें परेशान क्यों किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कंपनियां पहले से भुगतान मिलने के बावजूद आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही हैं, जिससे लोग दर-दर भटकने को मजबूर हैं। सरकार और कंपनियों के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया गया। इस अवसर पर अनवर अली प्रधान, मुन्दर बीडीसी, राम बक्श गौतम प्रधान, विनोद यादव, हरिकरन यादव, गुलशन यादव, विश्राम यादव प्रधान, वीरेन्द्र यादव, बाबुल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने नव निर्मित सड़कों का लोकार्पण गांव के वरिष्ठ नागरिकों से कराया और क्षेत्र के लोगों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।