खेत के पास नाले में मिला संदिग्ध मोर्टार सेल, इलाके में मचा हड़कंप

खेत के पास नाले में मिला संदिग्ध मोर्टार सेल, इलाके में मचा हड़कंप

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अंकित तिवारी।

कानपुर देहात।गजनेर थाना क्षेत्र के जसवापुर गांव के पास बुधवार को खेत किनारे पानी से भरे नाले में संदिग्ध मोर्टार सेल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। खेत की सिंचाई कर रहे एक किसान की नजर नाले में पड़े धातु के संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर वस्तु मोर्टार सेल जैसी प्रतीत हुई, जिसके बाद किसान ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कराते हुए लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास का इलाका सील कर दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। मोर्टार सेल मिलने की खबर गांव और आसपास के क्षेत्रों में तेजी से फैल गई, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस ने भीड़ को दूर हटाते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और उड़न दस्ते की टीम को भी सूचना दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विशेषज्ञ टीम द्वारा जांच किए जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मोर्टार सेल सक्रिय है या निष्क्रिय। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि यह विस्फोटक सामग्री यहां कैसे पहुंची और कितने समय से नाले में पड़ी हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मोर्टार सेल मिलने की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है।