उधौली ओवरब्रिज के पास कुएं में मिली युवक की बाइक व सामान, युवक लापता — परिजन अनहोनी की आशंका में
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। सोमवार की शाम लखनऊ से निकले 25 वर्षीय युवक की बाइक, हेलमेट, पर्स, मोबाइल व कपड़े सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम उधौली ओवरब्रिज के निकट एक कुएं से बरामद हुए। युवक के न मिलने से परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। दरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुशफर निवासी चेतराम पुत्र भगौले का 25 वर्षीय पुत्र अनुप कुमार मटियारी, लखनऊ की एक कंपनी में काम करता था। सोमवार की देर शाम करीब 4 बजे उसकी परिजनों से बात हुई, इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड व सफदरगंज पुलिस ने अनुप की बाइक (नंबर यूपी 32 एनबी 0424), मोबाइल फोन, पर्स, हेलमेट व कपड़े कुएं से बरामद किए, लेकिन युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। इस घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि एक कुएं में बाइक पड़ी है। फायर ब्रिगेड की मदद से बाइक सहित अन्य सामान बाहर निकाला गया। उन्होंने यह भी बताया कि युवक पहले भी दो बार घर से गायब हो चुका है। फिलहाल पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है।









