उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी ने वित्त एंव लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा परिषद को ज्ञापन सौंपा
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी ने वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा परिषद को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की लंबित जीपीएफ लेखा पर्ची एवं वित्तीय वर्ष 2025-26 के फॉर्म-16 शीघ्र उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि जनपद के अनेक शिक्षकों की जीपीएफ कटौती वर्षों से नियमित रूप से की जा रही है, किन्तु आज तक उन्हें जीपीएफ लेखा पर्ची उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे शिक्षक अपने खाते में जमा धनराशि एवं वास्तविक बैलेंस की सही जानकारी प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। संघ ने यह भी बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 का फॉर्म-16 अधिकांश शिक्षकों को अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है, जिसके कारण शिक्षकों को आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने मांग की कि समस्त शिक्षकों की अद्यतन जीपीएफ लेखा पर्ची एवं फॉर्म-16 तत्काल उपलब्ध कराया जाए तथा भविष्य में इन प्रक्रियाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी बनाया जाए। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु संगठन सदैव प्रतिबद्ध है और यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे भी आवश्यक कदम उठाने को बाध्य होगा। जिला महामंत्री नीरज वर्मा, जिला संगठन मंत्री सुधीर चौधरी, विनय शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी सौरभ वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष रामनगर लोकेश शुक्ला सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।









