आमने-सामने बाइक टक्कर में चार घायल, दो की हालत गंभीर
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी) थाना क्षेत्र के सुल्तानापुर गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में चार युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार बुढ़गोरा निवासी समीर (18) और तौफीक (18) एक बाइक से सुढियामऊ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे भैरमपुर निवासी सगे भाई शगीर (20) और फिरोज (30) की बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। चिकित्सकों के अनुसार समीर और फिरोज को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। हालत में सुधार न होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है। वहीं शगीर और तौफीक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।









