सोनभद्र में 23 से 25 मार्च तक जनजातीय उत्सव का आयोजन

तीन राज्यों के कलाकार प्रस्तुत करेंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

सोनभद्र में 23 से 25 मार्च तक जनजातीय उत्सव का आयोजन

निष्पक्ष जन अवलोकन ।

अमर नाथ शर्मा।

सोनभद्र। जिला मुख्यालय लोढ़ी स्थित संत कीनाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में 23 मार्च से तीन दिवसीय जनजातीय उत्सव का शुभारंभ होगा, जो 25 मार्च तक चलेगा। इस उत्सव में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और राजस्थान के कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

कार्यक्रम के आयोजक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने बताया कि यह आयोजन उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, जिला प्रशासन सोनभद्र तथा महाविद्यालय के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 23 मार्च को कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसमें आल्हा गायन (शरद अनुरागी एवं दल महोबा), करमा नृत्य (कतवारू राम एवं दल सोनभद्र), डोमकच्छ नृत्य (सुक्खन एवं दल सोनभद्र), झूमर नृत्य (आशा देवी एवं दल सोनभद्र), धरकहरी नृत्य (रामधनी मड़कूड़ी एवं दल सोनभद्र) तथा चकरी चरी भवई नृत्य (तेजकरण एवं दल राजस्थान) प्रस्तुत किए जाएंगे।

24 मार्च को आल्हा गायन (अंजलि सिंह एवं दल रायबरेली), रीना शैला नृत्य (हास कुमार मरावी एवं दल डिंडौरी, मध्यप्रदेश), गरद बाजा नृत्य (सोनाराम एवं दल सोनभद्र), करमा नृत्य (राम आधार एवं दल सोनभद्र), चकरी चरी भवई (तेजकरण एवं दल राजस्थान) एवं गुदुम्बबाजा नृत्य (लिखीराम धुर्वे एवं दल मध्यप्रदेश) की प्रस्तुति होगी।

वहीं 25 मार्च को आल्हा गायन (फौजदार सिंह एवं दल जौनपुर), करमा नृत्य (बनारसी एवं दल सोनभद्र), झिंझी/होली नृत्य (रजनीश एवं दल पीलीभीत), चंगेली नृत्य (बूटी बाई एवं दल चित्रकूट) तथा डोमकच्छ नृत्य (महेंद्र एवं दल सोनभद्र) के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

इस अवसर पर उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा एवं जिलाधिकारी सोनभद्र बीएन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

प्राचार्य डॉ. गोपाल सिंह ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जनजातीय संस्कृति के इस महोत्सव का आनंद लेने की अपील की है।