बंदरों के हमले में घायल हुआ उल्लू, सतर्कता से बची जान
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। नगर के सम्राट अशोक चौक अंबियापुर के निकट रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बंदरों के एक झुंड ने एक उल्लू पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से उल्लू बुरी तरह घायल हो गया और सड़क किनारे गिर पड़ा। घटना सुबह के समय की बताई जा रही है, जब उल्लू चौक के पास बैठा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदरों का झुंड अचानक वहां पहुंचा और उल्लू को घेरकर उस पर झपट पड़ा। बंदरों को हमला करते देख आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने साहस दिखाते हुए बंदरों को वहां से भगाया और घायल उल्लू को उनके चंगुल से छुड़ाया। इस दौरान कुछ देर के लिए चौक पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। घटना की जानकारी तुरंत कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल उल्लू को अपने संरक्षण में लिया। वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा प्राथमिक उपचार कराने के बाद उल्लू की हालत में सुधार बताया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि समय रहते स्थानीय लोगों की सतर्कता और सहयोग से उल्लू की जान बचाई जा सकी। उपचार के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी।