चौथे अंतिम चरण का जनगणना प्रशिक्षण सम्पंन
निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। सिरौलीगौसपुर ।तहसील क्षेत्र में स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में जनगणना प्रशिक्षण का चौथा और अंतिम चरण मंगलवार को संपन्न हो गया। इस दौरान एसडीएम अनिल कुमार सरोज और तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों शयमजी और रश्मि शुक्ला ने प्रगणकों को मोबाइल ऐप के माध्यम से जनगणना करने की प्रक्रिया समझाई। इसमें मकानों की सूची बनाने, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) और परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज करने के तरीके शामिल थे। प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कोई भी परिवार जनगणना से छूटने न पाए और दर्ज किए गए डेटा की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। एसडीएम अनिल कुमार सरोज ने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताते हुए प्रगणकों को गंभीरता से प्रशिक्षण लेने और फील्ड में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद सभी प्रगणकों को उनके कार्यक्षेत्र आवंटित किए जाएंगे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद, प्रगणक मई माह में अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनगणना का कार्य शुरू करेंगे। इस अवसर पर नायब तहसीलदार, राजकीय इंटर कॉलेज सिरौलीगौसपुर के प्रधानाचार्य अनन्त कुमार यादव और सभी मास्टर ट्रेनर भी उपस्थित रहे।









