गोरखपुर में नकली FMCG उत्पादों पर बड़ी कार्रवाई, लाखों का माल और वाहन जब्त

गोरखपुर में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर नकली FMCG उत्पादों का भंडाफोड़ किया। लाखों का माल और एक वाहन जब्त किया गया।

गोरखपुर में नकली FMCG उत्पादों पर बड़ी कार्रवाई, लाखों का माल और वाहन जब्त
बिलंदपुर क्षेत्र में छापेमारी के दौरान बरामद कथित नकली FMCG उत्पादों की जांच करती पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।

विभव पाठक / ब्यूरो चीफ

निष्पक्ष जन अवलोकन 

गोरखपुर। गोरखपुर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को बिलंदपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रूप से नकली एफएमसीजी (FMCG) उत्पादों के कारोबार का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान लाखों रुपये मूल्य के विभिन्न ब्रांडों के संदिग्ध नकली उत्पाद तथा एक वाहन जब्त किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई गुरुग्राम स्थित एक बौद्धिक संपदा संरक्षण संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर की गई। सूचना में बताया गया था कि शहर में बड़े पैमाने पर नामी कंपनियों के नकली उत्पादों की सप्लाई की जा रही है। इसके बाद पुलिस, खाद्य सुरक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों की संयुक्त टीम ने डीआईजी बंगले के पास बिलंदपुर क्षेत्र में अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान अभिषेक गुप्ता नामक सप्लायर को कथित रूप से नकली उत्पादों की खेप वाहन के माध्यम से ले जाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने तत्काल वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पूछताछ और मिले सुरागों के आधार पर आरोपी के गोदाम पर भी छापा मारा गया, जहां बड़ी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों के उत्पाद बरामद हुए।

अधिकारियों के अनुसार बरामद सामान में चाय, टॉयलेट क्लीनर, पाचन उत्पाद, दर्द निवारक उत्पाद, मसाले, मच्छर भगाने वाले उत्पाद तथा अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। प्रथम दृष्टया ये उत्पाद प्रतिष्ठित कंपनियों के ब्रांड नाम का उपयोग कर तैयार किए गए प्रतीत हुए। संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों द्वारा इनके सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से खाद्य एवं उपभोक्ता उपयोग की वस्तुओं के अवैध कारोबार से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और बरामद उत्पादों के नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि नकली खाद्य एवं स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि उनके स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा साबित हो सकते हैं। इसलिए ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि नकली उत्पादों की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।