हाइवे पर खड़ी घोड़ा बग्गी से टकराई बाइक, दो घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन

बदायूं/बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में गंगा स्नान के लिए जा रहे बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा ग्राम दिधौनी के पास उस समय हुआ, जब उनकी बाइक सड़क पर खड़ी एक घोड़ा बग्गी से जा टकराई। मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव आलमपुर निवासी सत्येंद्र सिंह पुत्र ओमप्रकाश और महेश पाल पुत्र प्रेमपाल सुबह करीब 6 बजे बाइक से कछला गंगा स्नान के लिए निकले थे। दोनों तेज रफ्तार में हाईवे से गुजर रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक दिधौनी गांव के निकट पहुंची, सड़क पर खड़ी घोड़ा बग्गी से अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से बिल्सी के सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते दोनों को राजकीय मेडीकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर वाहनों के खड़े रहने से अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं।