स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने निकला एनटीपीसी सिंगरौली

स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने निकला एनटीपीसी सिंगरौली

निष्पक्ष जन अवलोकन/अमर नाथ शर्मा सोनभद्र/ एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत रविवार बाजार, शक्तिनगर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर वातावरण के निर्माण के लिए जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सी.एच. किशोर कुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) रहे। इस अवसर पर रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना), सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में एनटीपीसी कर्मी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में सी.एच. किशोर कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर व्यक्ति इसे अपनी जिम्मेदारी समझे। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी को स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज की आधारशिला बताया। मानव संसाधन विभाग एवं नगर प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह अभियान सामाजिक सरोकारों एवं जनहित के प्रति एनटीपीसी सिंगरौली की प्रतिबद्धता का उदाहरण बना। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।