स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुशल सिंह पटेल एडवोकेट के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने कचेहरी पार्क से जुलूस निकालते हुए ब्लॉक मार्ग होते हुए तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी कर्वी को ज्ञापन सौंपा और योजना को तत्काल बंद करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुशल सिंह पटेल एडवोकेट ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना और उपभोक्ताओं की सहमति के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की नीतियां निजीकरण को बढ़ावा देती हैं, जो जनहित के खिलाफ है। कांग्रेस पार्टी ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाए जाएं, अन्यथा पार्टी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी। कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी रंजना बराती लाल पांडे ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसे में स्मार्ट मीटर के कारण रिचार्ज खत्म होते ही बिजली कट जाती है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो कांग्रेस जनता के हित में जन आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन में शामिल कई उपभोक्ताओं ने भी स्मार्ट मीटर को लेकर नाराजगी जताई और इसे आम जनता के लिए परेशानी का कारण बताया। उन्होंने पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई। इस मौके पर चुनवाद प्रसाद प्रजापति एडवोकेट, राकेश वर्मा, राबेंद्र सिंह पटेल, ओमप्रकाश गुप्ता, चंद्रकली गुप्ता, प्रीतम सोनकर, धर्मेंद्र त्रिपाठी, माया देवी, राजू, बबलू रैकवार, माता बदल रैकवार, शिवकुमार प्रजापति, मालती देवी, संतोष कुमार, कैलाश, राजेश, संतोषी, अजय कुमार, अक्षय, मिथिलेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।