सीएमओ ने सीएचसी रामनगर का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा
रामनगर (बाराबंकी)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बाराबंकी डॉ. रंजन कुमार गौतम ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का भ्रमण कर चिकित्सीय सुविधाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएमओ ने सबसे पहले इमरजेंसी कक्ष एवं इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। मरीजों से बातचीत कर उन्होंने उपचार व्यवस्था की गुणवत्ता का भी आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान डेंटल रूम पहुंचकर उन्होंने दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. सना हुसैन से दांतों के उपचार से संबंधित उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं तथा बाहर की दवाएं लिखने से बचा जाए।
इसके बाद सीएमओ ने प्रसव कक्ष, लेबर रूम, एनआईसीयू सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों और विभागों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया और स्वच्छता को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। परिसर में मौजूद सूखे पेड़ों को शीघ्र हटवाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के अंत में सीएमओ अधीक्षक कक्ष पहुंचे और उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। जांच के दौरान समस्त चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।









