सहायक अनुभाग अधिकारियों ने किया ग्राम पंचायतों का भ्रमण, विकास कार्यों की ली जानकारी
निष्पक्ष जन अवलोकन।
अजय रावत।
बाराबंकी। सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के अंतर्गत आयोजित फाउंडेशन ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत सहायक अनुभाग अधिकारियों का ग्राम भ्रमण कार्यक्रम संपन्न हुआ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बक्सी तालाब द्वारा 13 अप्रैल से 18 अप्रैल तक आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षु अधिकारियों ने विकास खंड दरियाबाद की ग्राम पंचायत सिसौना एवं वीर किठाई का भ्रमण किया।
भ्रमण के उपरांत पारिजात सभागार में उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज की अध्यक्षता एवं तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा के संयोजन में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रशिक्षु अधिकारियों को ग्राम विकास एवं राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने वरासत, अवैध कब्जों को हटाने, मुकदमों की सुनवाई तथा तहसील स्तर पर संचालित विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। वहीं तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा ने मनरेगा, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, जॉब कार्ड, अमृत सरोवर, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, गौशाला सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए 71 प्रशिक्षु अधिकारियों को विभिन्न विकास कार्यों से अवगत कराया।
इस अवसर पर सत्र प्रभारी डॉ. राजकिशोर (सहायक निदेशक, एसआईआरडी लखनऊ) एवं टीम कोऑर्डिनेटर धर्मेन्द्र कुमार सुमन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार आशुतोष उपाध्याय, दिनेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









