रनिया में बड़ी चोरी से सनसनी लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर
निष्पक्ष जन अवलोकन।
अंकित तिवारी।
कानपुर देहात। रनिया थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला विसायकपुर गांव का है, जहां बीती देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जानकारी के मुताबिक विसायकपुर गांव निवासी जितेंद्र सिंह के घर में देर रात चोर पीछे के रास्ते से घुस गए। उस समय परिवार के लोग घर में सो रहे थे। चोरों ने घर के कमरों और अलमारियों को खंगाल डाला। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर से करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, बाला, पायल और अन्य कीमती आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है तथा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।









