मोबाइल की रोशनी में चल रहा था जुए का फड़, शिवली पुलिस ने 10 जुआरियों को दबोचा

मोबाइल की रोशनी में चल रहा था जुए का फड़, शिवली पुलिस ने 10 जुआरियों को दबोचा

निष्पक्ष जन अवलोकन।

 अंकित तिवारी।

कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में मोबाइल की रोशनी में जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹58,400 नकद, 52 ताश के पत्ते, सात मोबाइल फोन और पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बाघपुर चौकी अंतर्गत ग्राम लुधौरा के आगे जंगल में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना शिवली पुलिस ने मंगलवार रात करीब 9:50 बजे छापेमारी की। पुलिस को देखते ही जुआरी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी 10 आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान जुए के फड़ से ₹54,200 तथा आरोपियों की जामा तलाशी से ₹4,200 बरामद हुए। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते, ₹1000 का पुराना नोट, प्लास्टिक का बोरा, सात मोबाइल फोन और पांच मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रज्जन, विपिन कुमार कमल, जुग्गीलाल, मोहित, राहुल, उत्तम राजपूत, वीरू, सुमित, सुरेंद्र कुमार और प्रहलाद यादव शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना शिवली में मुकदमा संख्या 206/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई को थाना प्रभारी अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजय कुमार सहित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुए के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।