भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालय समय परिवर्तन की मांग
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी, 18 अप्रैल। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं प्रचंड गर्मी को देखते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ, बाराबंकी ने परिषदीय विद्यालयों के समय में परिवर्तन की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने जिलाधिकारी बाराबंकी को पत्र प्रेषित कर विद्यालयों का समय प्रातः 7:30 बजे से 12:00 बजे तक निर्धारित किए जाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी और लू के कारण छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। अधिकांश बच्चे दूर-दराज क्षेत्रों से विद्यालय आते हैं, जिससे उन्हें तेज धूप का सामना करना पड़ता है। मौसम विभाग द्वारा भी दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। संघ ने यह भी उल्लेख किया कि इस स्थिति से शिक्षकगण भी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों का समय परिवर्तित किया जाना आवश्यक है। प्राथमिक शिक्षक संघ को आशा है कि जिला प्रशासन इस जनहितकारी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।









