भव्य कलश यात्रा के साथ श्री बजरंगबली प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

भव्य कलश यात्रा के साथ श्री बजरंगबली प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

निष्पक्ष जन अवलोकन

 रामशंकर वर्मा

रामनगर (बाराबंकी)। अमोली कीरतपुर स्थित बाबा बृजभूषण सागर धाम छोटी हनुमानगढ़ी मंदिर में श्री बजरंगबली प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा एवं वैदिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

महोत्सव के प्रथम दिन मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो महादेवा स्थित अभरण सरोवर तक पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पवित्र जल से कलश भरवाए गए। इसके पश्चात श्रद्धालु कलश लेकर पुनः मंदिर परिसर पहुंचे, जहां विधिवत कलश स्थापना कर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव से जुड़े पूजन-अर्चन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया गया।

इस पावन अवसर पर मंदिर के मुख्य महंत श्री श्री 1008 उत्तम गिरि जी महाराज (श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा) के करकमलों द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन संपन्न कराया जा रहा है। मंदिर व्यवस्थापक विनायक गिरि महाराज की विशेष उपस्थिति में कार्यक्रम का संचालन किया गया। वहीं कथा-वाचक पंडित विष्णु कुमार शास्त्री के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान वैदिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न हो रहे हैं।

कार्यक्रम में अंशुमान सिंह, कमलेश पांडेय, रामू गोस्वामी, आकाश गिरि, पुष्पेंद्र गिरि सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में "जय श्रीराम" और "जय बजरंगबली" के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आयोजकों ने बताया कि प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन, कथा प्रवचन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।

स्थानीय श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दे रहा है।