बी डी ओ संजीव गुप्ता ने ठाकुर गौशाला का निरीक्षण किया

बी डी ओ संजीव गुप्ता ने ठाकुर गौशाला का निरीक्षण किया

निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत।। सिरौलीगौसपुर।खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता ने सोमवार को सिरौलीगौसपुर विकासखंड स्थित ठाकुरपुर अस्थायी गौशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें गौशाला में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में कमी मिली, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने गौशाला परिसर में साफ-सफाई की कमी पाई। उन्होंने पंचायत सचिव और गौशाला संचालकों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। भीषण गर्मी को देखते हुए, बीडीओ गुप्ता ने गौशाला में चौबीसों घंटे पर्याप्त छाया, ठंडा और स्वच्छ पानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने हरे चारे और भूसे की गुणवत्ता व मात्रा में कोई कमी न होने देने तथा बीमार व कमजोर पशुओं के इलाज के लिए नियमित रूप से पशु चिकित्सक बुलाने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सभी गोवंश की टैगिंग और टीकाकरण का रिकॉर्ड रजिस्टर में अद्यतन रखने को कहा। और गोबर निस्तारण की स्थायी व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के समय ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव मौजूद थे। बीडीओ ने ग्राम पंचायत सचिव को सख्त चेतावनी दी कि गोवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ ने गौशाला में भूसा भंडारण कक्ष, पानी की टंकियों और चारा नाद का भी निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।