बंधे पर ट्रैक्टर पलटने से पिता की मौत, पुत्र बाल-बाल बचा
निष्पक्ष जन अवलोकन।
रामशंकर वर्मा।
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सिरकौली में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत से भूसा लादकर बंधे पर चढ़ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को रस्सी से खींच रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक संजय सिंह (करीब 45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय सिंह अपने पुत्र के साथ खेत से भूसा लेकर लौट रहे थे। बंधे पर चढ़ाई के दौरान ट्रॉली अधिक लोड होने के कारण उसे दूसरे ट्रैक्टर से रस्सी (टोचन) के सहारे खींचा जा रहा था। इसी बीच अचानक रस्सी टूट गई, जिससे ट्रैक्टर संतुलन खो बैठा और पलट गया।
हादसे में संजय सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रॉली पर बैठा उनका पुत्र सुरक्षित बच गया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की। हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और अंतिम संस्कार के लिए शव को घर ले गए।









