पॉलिटेक्निक छात्र की मौत पर बवाल, शव रखकर जाम के दौरान पथराव, कई पुलिसकर्मी घायल
निष्पक्ष जन अवलोकन
रामशंकर वर्मा।
रामनगर, बाराबंकी। थाना क्षेत्र के ग्राम कटियारा में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 21 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र जितेंद्र चौहान की मौत के मामले ने मंगलवार को उग्र रूप ले लिया। दोपहर करीब दो बजे परिजनों एवं ग्रामीणों ने छात्र का शव राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे बांदा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक वार्ता चलने के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने मार्ग खाली कराने का प्रयास किया। इसी दौरान माहौल बिगड़ गया और प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किए जाने का आरोप है।
पथराव में प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद यादव, उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, सिपाही शिव मोहन वर्मा, मानवेंद्र सिंह सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत कई थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रशासन द्वारा निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और अधिकारियों की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार कराया गया। लगभग दो घंटे तक बाधित रहा राष्ट्रीय राजमार्ग बाद में पुलिस ने बहाल कराया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।









