नगर पंचायतों में सदस्य नामांकन से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

नगर पंचायतों में सदस्य नामांकन से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर विकास विभाग द्वारा फतेहपुर और बेलहरा नगर पंचायत में तीन-तीन सदस्यों के नामांकन के बाद क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद द्वारा जारी आदेश के अनुसार फतेहपुर नगर पंचायत में दयाशंकर जोशी, राकेश गुप्ता और रितेश जैन को नामित सदस्य बनाया गया है। वहीं बेलहरा नगर पंचायत के लिए सुनील सोनी, संतोषी रावत और कपिल वर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया। समर्थकों ने नवनियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे नगर पंचायत के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। हालांकि सूची जारी होने के बाद कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई है। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन नामांकन के बाद नगर पंचायतों में विकास कार्यों को नई गति मिल सकती है। अब क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर टिकी है कि नवनियुक्त सदस्य अपने दायित्वों का निर्वहन किस प्रकार करते हैं और विकास में क्या योगदान देते हैं।