दानवीर भामाशाह जयंती पर व्यापारिक कल्याण दिवस-2026 का आयोजन, शीर्ष करदाताओं एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।राज्य कर विभाग, उत्तर प्रदेश, कर्वी चित्रकूट एवं जिला प्रशासन चित्रकूट के संयुक्त तत्वावधान में दानवीर भामाशाह की जयंती के पावन अवसर पर व्यापारिक कल्याण दिवस-2026 का आयोजन सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मऊ/मानिकपुर अविनाश चन्द्र द्विवेदी रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक बांदा-चित्रकूट पंकज अग्रवाल, उपायुक्त व्यापार कर बिक्रम अजीत, जिला विकास अधिकारी सत्यराम यादव, कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' के प्रतिनिधि सरयू केसरवानी, नगर अध्यक्ष रवि गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दानवीर भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विजय सिंह एवं बेसिक शिक्षा विभाग की टीम द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जबकि कार्यक्रम का संचालन शिक्षक साकेत बिहारी शुक्ल ने किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को पुष्पगुच्छ तथा एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) के अंतर्गत निर्मित स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद के नगद भुगतान करने वाले शीर्ष दस करदाताओं— जयप्रकाश पांडेय, नीरज कुमार, श्रीमती कमला देवी, प्रदीप मणि, आरजेएचएम मिनरल प्राइवेट लिमिटेड, राम बाबू गुप्ता, राजेश कुमार रावत, बृजेश कुमार शुक्ल, विनोद केसरवानी एवं राजीव अग्रवाल को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में दानवीर भामाशाह विषयक चित्रकला, प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं—यूपीएस खोह के सिद्धार्थ एवं कृष्ण गोपाल मिश्र तथा यूपीएस खोही के शशिकांत, नसीम अली एवं खुशी विश्वकर्मा को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त जीएसटी द्वारा दानवीर भामाशाह के जीवन एवं उनके द्वारा महाराणा प्रताप को दिए गए आर्थिक सहयोग का उल्लेख करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। मुख्य अतिथि विधायक मऊ/मानिकपुर अविनाश चन्द्र द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी वर्ग से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज द्वारा दिए जाने वाले कर से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित होती हैं तथा कर्मचारियों एवं अधिकारियों के वेतन का भुगतान होता है। उन्होंने व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत सुझावों एवं मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने दानवीर भामाशाह के त्याग एवं राष्ट्र समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग प्रदेश एवं देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और इसके लिए वह बधाई का पात्र है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद के कई व्यापारियों ने करोड़ों रुपये का कर जमा कर जनपद की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016-17 की तुलना में वर्ष 2025-26 में जनपद की जीडीपी में कई गुना वृद्धि हुई है, जिसमें व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापार को और अधिक सुगम बनाने के लिए शासन एवं प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में राजस्व संहिता की धारा-80 के अंतर्गत कृषक भूमि को अकृषक घोषित कराने में कठिनाइयाँ आती थीं, किन्तु अब विकास प्राधिकरण से नक्शा स्वीकृत होने की स्थिति में धारा-80 की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने नगर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचना विकास की जानकारी देते हुए कहा कि धनुष चौराहा तक दोनों ओर फुटपाथ एवं मध्य भाग में मिडियन का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही स्टेशन रोड एवं पहाड़ी रोड के विकास हेतु शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया गया है, जिसके शीघ्र स्वीकृत होने की संभावना है। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनपद में उनके कार्यभार ग्रहण करने के समय 14 गार्बेज पॉइंट थे, जिन्हें घटाकर 7 कर दिया गया है और आगे इन्हें पूर्णतः समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है तथा इच्छुक युवा ऋण प्राप्त करने हेतु आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाती है, जिसमें नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान हेतु उपस्थित हो सकते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित व्यापारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।









