तीन बाइकों की भिड़ंत में दो सिपाही सहित छह घायल, जिला अस्पताल रेफर
निष्पक्ष जन अवलोकन | योगेश जायसवाल
रामनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तीन बाइकों की जोरदार भिड़ंत में दो सिपाहियों और एक महिला सहित आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद श्रावस्ती के लक्ष्मण नगर थाना सोनवा निवासी 20 वर्षीय मनीष मिश्रा पुत्र पप्पू मिश्रा अपनी बाइक से 25 वर्षीय अनीता पत्नी विपिन को बैठाकर लखनऊ की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे जब वे ग्राम दलसराय के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और आगे चल रही दूसरी बाइक से जा रहे श्रद्धालुओं 23 वर्षीय अजीत पुत्र कमलेश तथा 20 वर्षीय सनी पुत्र रामबाबू निवासी थाना अचलगंज, जनपद उन्नाव को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद स्थिति और बिगड़ गई, क्योंकि उसी समय मसौली की ओर से आ रहे सिपाही हरिवंश और शुभम यादव की बाइक भी इन दोनों बाइकों से टकरा गई। तीनों बाइकों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि सभी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई और मामले की जांच शुरू कर दी है।