डिप्टी CM के सामने गूंजा RTO भ्रष्टाचार का मुद्दा, मीडिया प्रभारी ने फिटनेस सेंटर आगरा शिफ्ट करने पर जताई नाराजगी

डिप्टी CM के सामने गूंजा RTO भ्रष्टाचार का मुद्दा, मीडिया प्रभारी ने फिटनेस सेंटर आगरा शिफ्ट करने पर जताई नाराजगी

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा 

मथुरा, 13 मई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित भाजपा जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री केशव प्रसाद मौर्य के समक्ष जनपद की कई अहम समस्याएं उठाई गईं। बैठक में भाजपा पदाधिकारियों ने आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखते हुए समाधान की मांग की। जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे एवं महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने आरटीओ कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार का मामला जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर आरटीओ कार्यालय में खुलेआम दलाली हो रही है और बिना सुविधा शुल्क के आम आदमी का कार्य नहीं हो पा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने मथुरा के वाहन फिटनेस सेंटर को आगरा शिफ्ट कर निजी कंपनी को सौंपे जाने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि इससे वाहन स्वामियों को करीब 60 किलोमीटर दूर जाकर फिटनेस करानी पड़ रही है, जहां उनसे अवैध वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। बैठक में आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने में आ रही समस्याओं, वृद्धावस्था पेंशन के लंबित मामलों, नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों में देरी तथा सड़कों और फुटपाथ के असमान स्तर के कारण हो रहे हादसों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि कई स्थानों पर सड़कें बन चुकी हैं लेकिन फुटपाथ अधूरे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में रिक्शा पलटने से एक व्यक्ति के घायल होने की घटना भी सामने आई। इसके अलावा कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों की सुरक्षा को देखते हुए शस्त्र लाइसेंस की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग भी रखी गई। जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि यह आम आदमी और व्यापारियों की सरकार है, इसलिए RTO में व्याप्त दलाली और फिटनेस सेंटर के नाम पर हो रहे खेल को तत्काल बंद किया जाना चाहिए। वहीं महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने स्वयं बैठक बुलाकर जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और 15 दिनों के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बैठक के दौरान जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त कैंप लगाकर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व राज्य मंत्री रविकांत गर्ग, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव, जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी, मीडिया प्रभारी राहुल शर्मा सोनई, जिला उपाध्यक्ष अनिल चौधरी, महामंत्री सतपाल चौधरी, आकाश चौधरी, अमन ठाकुर सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।