जनगणना 2027 ड्यूटी आदेशों में विसंगतियों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ का ज्ञापन

जनगणना 2027 ड्यूटी आदेशों में विसंगतियों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ का ज्ञापन

निष्पक्ष जन अवलोकन अजय रावत ।। बाराबंकी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद बाराबंकी के जिला अध्यक्ष राकेश सिंह एवं जिला मंत्री उमानाथ मिश्रा द्वारा जनगणना 2027 के अंतर्गत शिक्षकों की लगाई गई ड्यूटी में पाई गई विभिन्न विसंगतियों को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में जारी आदेशों में बेसिक शिक्षकों को प्रगणक एवं सुपरवाइजर के रूप में नियुक्त किया गया है, जिसमें कई समस्याएं सामने आई हैं। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि प्रधानाध्यापक एवं इंचार्ज शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखा जाए, ताकि विद्यालय का संचालन एवं शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। इसके अतिरिक्त शिक्षकों की ड्यूटी उनके कार्यस्थल के समीप अथवा संबंधित न्याय पंचायत क्षेत्र में लगाने, प्रगणक एवं सुपरवाइजर की नियुक्ति में वरिष्ठता के आधार पर संतुलन बनाए रखने तथा सभी संबंधित शिक्षकों को लिखित आदेश उपलब्ध कराने की मांग की गई। संघ ने यह भी मांग रखी कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान शिक्षकों से जनगणना कार्य लिए जाने के कारण उन्हें प्रतिकर अवकाश प्रदान किया जाए। इस दौरान जिला आईटी सेल/मीडिया प्रभारी दिलीप तिवारी, रवि प्रताप भदौरिया आदि ने प्रशासन से मांग की कि उक्त बिंदुओं पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक संशोधन किए जाएं, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित न हो और जनगणना कार्य भी सुचारू रूप से संपन्न हो सके।