घोपलापुर-सिसहनिया में अवैध मिट्टी खनन का खेल जारी, जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर उठे सवाल
निष्पक्ष जन अवलोकन। पचपेड़वा/बलरामपुर। विकासखंड पचपेड़वा की ग्राम पंचायत घोपलापुर सिसहनिया क्षेत्र में कथित रूप से अवैध मिट्टी खनन का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। स्थानीय लोगों एवं सूत्रों के अनुसार रामनगर क्षेत्र से बिना अनुमति मिट्टी का खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से दिन-रात परिवहन किया जा रहा है। बताया जाता है कि मिट्टी पचपेड़वा कस्बे में सुनहरी चाय दुकान के समीप पहुंचाई जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना पचपेड़वा से मात्र लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर यह गतिविधियां संचालित होने के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि खनन कार्य में संलिप्त लोग कार्रवाई से बेखौफ नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार पूर्व में भी इस मामले को लेकर समाचार प्रकाशित हुए थे, लेकिन इसके बावजूद कथित अवैध खनन का कार्य नहीं रुका। लोगों का कहना है कि शिकायतों और खबरों के बाद भी यदि कार्रवाई नहीं हो रही है तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। संवाददाता द्वारा दूरभाष के माध्यम से खनन अधिकारी बलरामपुर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किंतु संपर्क नहीं हो सका। ऐसे में मामले पर विभागीय पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया। क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।









