गैस एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप, गरीबों के चूल्हे ठंडे

निष्पक्ष जन अवलोकन पचपेडवा, जुड़ी कुइयां चौराहा (बलरामपुर)के पास स्थित योग कृष्णा भार्गव इंडियन सर्विस गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एजेंसी द्वारा कालाबाजारी कर गरीब उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, जिन लोगों का सामान्य गैस कनेक्शन है, उनका कनेक्शन अचानक सस्पेंड कर दिया जाता है या गैस आपूर्ति रोक दी जाती है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गैस सिलेंडर उपलब्ध होने के बावजूद जानबूझकर आपूर्ति नहीं की जाती और बहाने बनाकर उपभोक्ताओं को टाल दिया जाता है। कई लोगों ने बताया कि उनका आधार लिंक होने के बावजूद “सस्पेंड” दिखाकर गैस नहीं दी जाती, जबकि कुछ का कहना है कि उनके नाम का सिलेंडर कहीं और बेच दिया जाता है। इस वजह से गरीब परिवारों के सामने भोजन बनाने का संकट खड़ा हो गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि छोटे-छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भूखे पेट सोने को मजबूर हैं। जिनके पास लकड़ी या अन्य ईंधन का साधन भी नहीं है, उनके लिए चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस संबंध में जब संवाददाता ने एजेंसी के प्रोपराइटर रवि श्रीवास्तव से दूरभाष पर संपर्क किया, तो उन्होंने कहा कि “सस्पेंड हो गया होगा, मैं क्या करूं।” उनके इस जवाब से ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों और नगर पंचायत के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गरीबों को उनका हक मिल सके और उनके घरों में फिर से चूल्हा जल सके।