किंतूर में सीडीपीओ ने बांटा टेक होम राशन, बताई नई पोषण रेसिपी 0-6 वर्ष के बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को मिलेगा नई रेसिपी का लाभ

किंतूर में सीडीपीओ ने बांटा टेक होम राशन, बताई नई पोषण रेसिपी    0-6 वर्ष के बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को मिलेगा नई रेसिपी का लाभ

अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी। बाल विकास परियोजना अधिकारी अर्चना वर्मा ने सोमवार को किंतूर गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर लाभार्थियों को टेक होम राशन का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए नई पोषण रेसिपी की जानकारी भी दी। वितरण के समय सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां भी मौजूद रहीं। सीडीपीओ अर्चना वर्मा ने बताया कि अब नई रेसिपी के अनुसार पौष्टिक राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। 6 माह से 1 वर्ष के सामान्य बच्चों को 25 दिन के लिए 'शिशु अमृत' आटा बेसन हलवा 1625 ग्राम मिलेगा। वहीं, 1 से 3 वर्ष के बच्चों को 'शिशु आहार' हलवा 2750 ग्राम दिया जाएगा। कुपोषित बच्चों के लिए राशन की मात्रा में वृद्धि की गई है। 1 से 3 वर्ष के कुपोषित बच्चों को प्रतिमाह 'बाल संजीवनी' ऊर्जा युक्त हलवा 4625 ग्राम प्रदान किया जाएगा। गर्भवती और धात्री महिलाओं को 'संपूर्ण मातृ आहार' योजना के तहत पोषण सामग्री मिलेगी। इसमें 13 दिन के लिए आटा बेसन सोया बर्फी 2080 ग्राम और 12 दिन के लिए दलिया मूंग दाल खिचड़ी 2040 ग्राम शामिल है। सीडीपीओ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक लाभार्थी को उनकी उम्र के अनुसार खुराक की सही मात्रा और उसे बनाने का तरीका अवश्य बताएं ताकि पोषण का अधिकतम लाभ मिल सके।