उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंण्ड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत के साथ आधा दर्जन परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर बाराबंकी । परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर एसडीएम ने बूथों की स्थिति का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर पढाई एवं भोजन आदि की जानकारी ली। मंगलवार को उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों और पंचायत मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जर्जर और बदले जाने वाले बूथों का भी जायजा लिया। उपजिलाधिकारी के साथ तहसीलदार बालेन्दु भूषण वर्मा, खंड विकास अधिकारी संजीव कुमार गुप्ता और सहायक विकास अधिकारी पंचायत मनोज मिश्रा मौजूद रहे। उन्होंने पूर्व माध्यमिक विद्यालय केवलापुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर ,किशुनदासपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय सैदनपुर सहित लगभग आधा दर्जन विद्यालयों और मतदान बूथों का दौरा किया। स्कूलों में पहुंचकर, उपजिलाधिकारी ने अध्यापकों से बच्चों की उपस्थिति और विद्यालयों की भौतिक स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए बच्चों से बातचीत भी किया। निरीक्षण के दौरान, कई मतदान केंद्रों के भवन जर्जर पाए गए। पंचायत चुनाव से पहले किए गए इस निरीक्षण में यह निर्णय लिया गया कि जर्जर भवनों वाले बूथों को बदला जाएगा और कुछ नए बूथ भी बढ़ाए जाएंगे।दूसरे स्थान पर बूथ बनाने का प्रस्ताव चुनाव आयोग को भेजने के लिए तैयार किया जा रहा है। निरीक्षण के समय ग्राम पंचायत सचिव मनीष शुक्ला, रामपुर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नियाज अंसारी, सैदनपुर के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मसूद रियाज, किशुनदासपुर प्रधान प्रतिनिधि राजवीर यादव, केवलापुर के प्रधान जसवंत कुमार, सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व शिक्षक और अन्य संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे।









