हरे पेड़ों पर चल रही आरी, वन विभाग पर मिलीभगत के आरोप
निष्पक्ष जन अवलोकन। रत्नेश पाण्डेय। टिकैतनगर (बाराबंकी)। नगर क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा इचौली स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के समीप एक खेत में खड़े आम के हरे पेड़ों की कटाई का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि विक्रम पासी के खेत में लगे करीब पांच आम के पेड़ पहले ठंड के मौसम में काटे गए थे, इसके बाद तीन दिन पूर्व दो और पेड़ों पर आरी चला दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना वैध अनुमति के हरे पेड़ों की कटाई की जा रही है और इस पूरे मामले में वन विभाग की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में धीरे-धीरे कर कई स्थानों से हरे वृक्षों को साफ किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। इस संबंध में जब वन विभाग के फॉरेस्टर राम सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि कटान अवैध पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं क्षेत्र में तैनात एक हल्का सिपाही पर भी कटान में सहयोग का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अब देखना यह होगा कि वन विभाग जांच के बाद क्या कार्रवाई करता है और क्षेत्र में हो रही कथित अवैध कटान पर किस प्रकार अंकुश लगाया जाता है।









