मानव शिक्षा सेवा संस्थान में भ्रष्टाचार की जांच की मांग

राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक, शासन से निष्पक्ष कार्यवाही की अपील
निष्पक्ष जन अवलोकन।
रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी।
रुद्रपुर, देवरिया। एन्टी करप्शन कोर ए.सी.सी. इंडिया की राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की, जिसमें संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद अन्तर्गत खड़ेसरी बड़हलगंज स्थित मानव शिक्षा सेवा संस्थान में व्याप्त भ्रष्टाचार की गंभीर जानकारी साझा की गई। संगठन के उत्तर प्रदेश प्रभारी ने बताया कि संस्था की ओर से संचालित कार्यक्रमों में सरकार की सामूहिक विवाह योजना और समाज कल्याण योजनाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। आरोप है कि कार्यक्रमों में शासन की मंशा के विपरीत मेहमान केवल धन उगाही के उद्देश्य से बुलाए जाते हैं। संस्था की अध्यक्ष प्रिया गुप्ता के कथन के अनुसार, अतिथि केवल दिखावे के लिए आते हैं और उनका उद्देश्य सामाजिक हित नहीं बल्कि निजी लाभ होता है। संस्था की कार्यप्रणाली प्रथम दृष्टया ही भ्रष्टाचार से युक्त प्रतीत होती है, जिसे लेकर संगठन ने चिंता व्यक्त की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह संस्था न केवल शासन और प्रशासन को गुमराह कर रही है, बल्कि जनहित योजनाओं को भी नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की। संगठन के प्रदेश प्रभारी को निर्देश दिया गया कि टास्क फोर्स के माध्यम से संस्था की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाए और भ्रष्टाचार उन्मूलन हेतु सघन प्रयास किए जाएं। संगठन जल्द ही शासन व प्रशासन से मिलकर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने हेतु पहल करेगा।