जनगणना प्रशिक्षण के दूसरे बैच का शुभारंभ
अजय रावत निष्पक्ष जन अवलोकन सिरौलीगौसपुर बाराबंकी।राजकीय इंटर कॉलेज सिरौलीगौसपुर में शनिवार को तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का विधिवत शुभारंभ उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज एवं तहसीलदार बालेंदु भूषण वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने जनगणना कार्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षुओं को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्य हेतु नियुक्त शिक्षकों को घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने, आंकड़ों के सटीक संकलन, तथा निर्धारित प्रपत्रों को सही ढंग से भरने की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी पहलुओं, सावधानियों एवं व्यवहारिक समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि जनगणना कार्य निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके। उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सरोज ने बताया कि जनगणना किसी भी देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। सरकार की नीतियां, संसाधनों का वितरण और भविष्य की योजनाएं जनगणना के आंकड़ों पर ही आधारित होती हैं। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षकों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी विषय में कोई शंका या भ्रम उत्पन्न हो, तो उसे तुरंत प्रशिक्षकों से स्पष्ट कर लिया जाए, जिससे कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न आए। तहसीलदार बालेंदु भूषण ने भी सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में प्रत्येक कर्मी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और सभी को इसे एक जिम्मेदारी के रूप में निभाना चाहिए। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनंत कुमार यादव, नायब तहसीलदार दिनेश कुमार पांडे सहित प्रशिक्षक श्याम जी, प्रदीप महाजन, वेद प्रकाश, रश्मि शुक्ला एवं पुष्पेंद्र उपस्थित रहे। इसके साथ ही शिक्षक बृजेश शुक्ला ,अनूप अवस्थी, आनंद सिंह, कृष्ण चंद्र बाजपेयी, सूरज वर्मा, अंकित तिवारी, शिवाजी मिश्रा, विकास वर्मा, सौरभ श्रीवास्तव, शोभित तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण मौजूद रहे।









