अमोली कला में श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा से गूंजा क्षेत्र
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। अमोली कला (गढ़हापार) में आज से श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ ब्रह्मलीन पूज्य पाद स्वामी श्री 1008 श्री विवेकानंद सरस्वती जी महाराज, नैमिषारण्य धाम के कृपा पात्र अवधेश कुमार शुक्ल (तरंग) जी के सान्निध्य में हुआ। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है। कथा प्रारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो अमोली कला से शुरू होकर महादेवा मंदिर परिसर पहुंची, जहां कलश में जल भरकर मातन ताल मंदिर होते हुए पुनः अमोली कला तक यात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में भक्ति गीतों व जयकारों की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के जलपान की व्यवस्था माननीय गौरीकांत दीक्षित जी द्वारा कराई गई, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। यह पावन कथा आयोजन राधेश्याम मिश्रा व अनमोल मिश्रा एडवोकेट (गढ़हापार, अमोली कला) के यहां आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कराया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।









