विभिन्न कंपनियों में जॉब ऑफर पाकर प्रसन्नता से छात्राओं के चेहरे पर आई मुस्कान
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।महिला महाविद्यालय किदवई नगर कानपुर के प्रेक्षागार में उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय जी टी रोड कानपुर एवं करियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ, महिला महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बृहद पिंक रोजगार मेला का आयोजन किया गया। रोजगार मेला कार्यक्रम का शुभारंभ उज्जवल कुमार सिंह, सहायक निदेशक सेवायोजन कानपुर मंडल प्राचार्या प्रो. अंजू चौधरी महिला महाविद्यालय द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन करके किया गया। इस अवसर पर संगीत विभाग द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। प्राचार्या प्रो अंजू चौधरी ने स्वागत उद्बोधन के माध्यम से प्रतिभागी छात्राओं को लक्ष्य प्राप्ति हेतु शुभाशीष देते हुए कहा कि प्रस्तुत कार्यक्रम का आयोजन जहा आपको लक्ष्य प्राप्ति में सफलता प्रदान करेगा वही आत्मविश्वास में भी वृद्धि करेगा। तत्पश्चात कार्यक्रम संयोजिका प्रो. प्रज्ञा श्रीवास्तव ने करियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए बताया कि करियर काउंसलिंग सेल विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य हेतु समय-समय पर विभिन्न व्यावसायिक कार्य क्षेत्रों में नियुक्ति से संबंधित जानकारी साक्षात्कार तथा व्यावसायिक कार्य क्षेत्रों में अवसरों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को अवगत कराता है साथ ही उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। प्रकोष्ठ के द्वारा कौशल विकास संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किए जाते हैं तथा विगत वर्षों से आयोजित होने वाले रोजगार मेले में लगभग 50 से 100 छात्रायें जॉब प्राप्त करती हैं। वर्तमान में आयोजित रोजगार मेला में आत्मविश्वास पूर्वक प्रतिभागिता करने हेतु भी दिनांक 18/03 /2026 को एक कार्यशाला का आयोजन किया गया तथा विभिन्न व्यावसायिक पदों के साक्षात्कार हेतु महत्वपूर्ण टिप्स प्रदान किया। कार्यक्रम में 11 कंपनियो ने भाग लिया तथा फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव ट्रेनी अप्रेंटिस हेल्पर टेलीकॉलर रिक्रूटमेंट ऑफिसर इंश्योरेंस एडवाइजर सिक्योरिटी गार्ड आदि 730 पदों हेतु छात्राओं का साक्षात्कार लिया। लगभग 300 छात्राओं ने विभिन्न पदों पर साक्षात्कार प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। तक़रीबन १०० छात्राओं को जॉब ऑफर प्राप्त हुए। जॉब ऑफर पाकर प्रसन्नता से उनके चेहरे खिल उठे। समस्त कार्यक्रम का प्रभाव पूर्ण संचालन प्रो. दीपाली निगम के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करियर काउंसलिंग सेल संयोजिका प्रो. प्रज्ञा श्रीवास्तव द्वारा दिया गया । कार्यक्रम में प्रो वंदना शर्मा एवं प्रो.दीपाली निगम, डा सबा यूनुस डॉ. संगीता कुमारी मनीष माथुर, डा इन्दु मिश्रा श्रीमती खुशबू दुआ डॉ मधु गुप्ता सहित महाविद्यालय की समस्त प्रवक्ताओं ने अपनी उपस्थिति से सक्रिय सहयोग प्रदान किया। प्रस्तुत कार्यक्रम में लगभग समस्त छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।









