लोकतंत्र रक्षक सेनानी राम चन्दर यादव का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
निष्पक्ष जन अवलोकन।
बाराबंकी। देवा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम महारौंड निवासी लोकतंत्र रक्षक सेनानी राम चन्दर यादव (80) का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
राम चन्दर यादव परम संत जयगुरुदेव जी महाराज के अनुयायी थे और क्षेत्र में “जयगुरुदेव नेता जी” के नाम से प्रसिद्ध थे। वर्ष 1976 में जयगुरुदेव महाराज की गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने जेल भरो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। मीसा और डीआईआर के तहत वे हजारों अन्य अनुयायियों के साथ जेल भी गए थे। बाद में मुलायम सिंह यादव की सरकार में इमरजेंसी के दौरान जेल जाने वालों को “लोकतंत्र रक्षक सेनानी” का दर्जा देते हुए पेंशन की व्यवस्था लागू की गई थी।
स्वर्गीय राम चन्दर यादव को राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, पूर्व एमएलसी राजेश यादव ‘राजू’, जनकल्याण किसान एसोसिएशन के चेयरमैन धर्म कुमार यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गजराज सिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य राजीव कुमार ‘राजू’, राम सेवक यादव स्मारक इंटर कॉलेज कासिमगंज के प्रधानाचार्य राम प्रकाश यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
परिवार के सदस्यों में पत्नी सुमिरता, रामसेवक, रणविजय सिंह, पृथ्वीराज सहित अन्य परिजनों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।









