जनसमस्याओं और आरटीओ विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर भाजपाइयों ने डीएम से की मुलाकात

जनसमस्याओं और आरटीओ विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर भाजपाइयों ने डीएम से की मुलाकात

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा

थुरा। भारतीय जनता पार्टी मथुरा के जिलाध्यक्ष आदरणीय श्री निर्भय पांडे जी एवं जिला मीडिया प्रभारी श्री श्याम चतुर्वेदी जी ने अपने पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी मथुरा श्री सीपी सिंह से मुलाकात कर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिले में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत समस्याओं के साथ-साथ आरटीओ विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा भी मजबूती से जिलाधिकारी के समक्ष रखा। भाजपा नेताओं ने कहा कि आम जनता को आरटीओ कार्यालय में कार्य कराने के दौरान अनावश्यक परेशानियों और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। इसके अलावा भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती, पेयजल संकट और खराब सड़कों की समस्या को लेकर भी प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की गई। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि जनता को पारदर्शी व्यवस्था और बेहतर सुविधाएं मिलें तथा भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। भाजपा नेताओं ने बताया कि हाल ही में उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी के मथुरा दौरे के दौरान भी जनसमस्याओं को लेकर चर्चा हुई थी। उसी क्रम में आज जिलाधिकारी से मुलाकात कर आम जनता की समस्याओं और शिकायतों को प्रशासन तक पहुंचाया गया। जिलाध्यक्ष श्री निर्भय पांडे जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के हितों के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। वहीं जिलाधिकारी श्री सीपी सिंह ने सभी समस्याओं के समाधान एवं शिकायतों की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने भरोसा जताया कि सरकार और प्रशासन के समन्वय से जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान होगा तथा जनता को राहत मिलेगी।