बड़े भाई की बारात से पहले छोटे भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
निष्पक्ष जन अवलोकन
रत्नाकर पांडेय
टिकैतनगर (बाराबंकी)। थाना टिकैतनगर क्षेत्र के ग्राम पानापुर में एक हृदयविदारक घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बड़े भाई की बारात निकलने की तैयारियों के बीच छोटे भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पानापुर निवासी अनुज लोनिया (पुत्र छेलू) का शव घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित एक आम के बाग में फंदे से लटका मिला। घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी सदस्य बड़े भाई वीरेंद्र कुमार की शादी की तैयारियों में व्यस्त थे और घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे।
परिजनों के अनुसार, अनुज नशे का सेवन करता था और नशे की हालत में अक्सर परिवार के लोगों से विवाद करता था। घटना की रात भी वह घर से निकल गया था। कुछ देर बाद उसके फंदे से लटके होने की सूचना मिलने पर परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









